साहू समाज के विद्यार्थियों के लिए चन्द्रशेखर साहू की पहल: निःशुल्क समर ट्रेनिंग एवं इंटर्नशिप की घोषणा
कोटा। तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे साहू समाज के विद्यार्थियों के लिए एक सराहनीय पहल करते हुए वरिष्ठ सॉफ्टवेयर डेवलपर चन्द्रशेखर साहू ने निःशुल्क समर ट्रेनिंग एवं इंटर्नशिप कार्यक्रम की घोषणा की है। इस पहल का उद्देश्य समाज के विद्यार्थियों को तकनीकी क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराना तथा उनके करियर को नई दिशा प्रदान करना है।
जानकारी के अनुसार, B.Tech (आईटी/सीएस) के तृतीय एवं अंतिम वर्ष में अध्ययनरत विद्यार्थियों तथा BCA अंतिम वर्ष के छात्रों के लिए पाठ्यक्रम के अंतर्गत समर ट्रेनिंग या इंटर्नशिप करना अनिवार्य होता है। वर्तमान समय में ऐसी ट्रेनिंग के लिए विद्यार्थियों को सामान्यतः ₹8,000 से ₹20,000 तक की फीस का भुगतान करना पड़ता है, जिससे कई विद्यार्थियों और उनके परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ता है।
इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए चन्द्रशेखर साहू (Software Developer, 13+ वर्षों का अनुभव) ने साहू समाज के पात्र विद्यार्थियों को निःशुल्क प्रशिक्षण एवं इंटर्नशिप उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को उद्योग जगत में उपयोग होने वाली तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें भविष्य में रोजगार एवं करियर निर्माण में सहायता मिलेगी।
प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों को इंटर्नशिप प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा, जो कॉलेज एवं विभिन्न कंपनियों में मान्य होगा। इससे विद्यार्थियों के रिज्यूमे को मजबूती मिलेगी तथा उन्हें नौकरी के अवसर प्राप्त करने में लाभ होगा।
चन्द्रशेखर साहू ने समाज के सभी पात्र विद्यार्थियों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। इच्छुक विद्यार्थी उनसे संपर्क कर प्रशिक्षण एवं पंजीकरण संबंधी विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
यह पहल समाज के युवाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने तथा उन्हें प्रतिस्पर्धी युग में आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
जय माँ कर्मा।
Comments
Post a Comment