कोटा। मूल रूप से सरेड़ी निवासी प्रतिभाशाली छात्र चित्रांश साहू ने पहले ही प्रयास में NEET-2026 परीक्षा उत्तीर्ण कर शानदार सफलता अर्जित की है। उन्होंने ऑल इंडिया जनरल रैंक 3744 प्राप्त कर अपने परिवार, समाज और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।
चित्रांश के पिता रामस्वरूप साहू परियोजना अधिकारी, कार्यालय कलेक्टर (शहरी विकास) जिला राजगढ़ मे कार्यरत है, जबकि उनकी माता तनूजा साहू एक समर्पित अध्यापिका हैं। माता-पिता के मार्गदर्शन, अनुशासन और निरंतर प्रोत्साहन ने चित्रांश की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
चिकित्सा क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने के उद्देश्य से चित्रांश ने कोटा स्थित फिजिक्सवाला (Physics Wallah) से नियमित कोचिंग प्राप्त की। कठिन परिश्रम, अनुशासित दिनचर्या और निरंतर अभ्यास के बल पर उन्होंने देश की सबसे कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक NEET को पहले ही प्रयास में उत्कृष्ट रैंक के साथ उत्तीर्ण किया।
चित्रांश शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने 10वीं कक्षा में 96.5 प्रतिशत तथा 12वीं कक्षा में 89 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का परिचय दिया था। अब NEET-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने यह साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प और मेहनत से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
चित्रांश के दादाजी प्रभुलाल साहू कृषि क्षेत्र में अपने उत्कृष्ट कार्यों के लिए राज्य स्तर पर अनेक सम्मान प्राप्त कर चुके हैं। परिवार की मेहनत, संस्कार और उत्कृष्ट परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए चित्रांश ने शिक्षा के क्षेत्र में यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर पूरे परिवार और साहू समाज का गौरव बढ़ाया है।
चित्रांश की इस सफलता पर परिजनों, शिक्षकों, मित्रों, समाजजनों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि वे भविष्य में एक सफल, संवेदनशील एवं कुशल चिकित्सक बनकर समाज और राष्ट्र की सेवा करेंगे।

Comments
Post a Comment